रुतबा Rutba
अ/A

भाषा चुनें

अ हिंदी A English

रुतबा की प्राइवेसी पॉलिसी

आपकी फोटो और आपका नाम आपके फोन में ही रहते हैं। हम इन्हें अपलोड नहीं करते और देख भी नहीं सकते। रुतबा में लॉगिन नहीं है।

यह पेज बताता है कि रुतबा ऐप और यह वेबसाइट आपकी और आपके फोन की जानकारी का क्या करते हैं। रुतबा को Atelyo ने बनाया है।

थोड़े में

आपके फोन में क्या रहता है

आपका नाम, साथी का नाम और आपकी फोटो सिर्फ आपके फोन में रखे जाते हैं।

  • आपका नाम। अगर आप जोड़ी वाला डिज़ाइन बनाते हैं, तो साथी का नाम भी।
  • आपकी फोटो। आप जो फोटो चुनते हैं, ऐप उसकी एक छोटी कॉपी रखता है। ऐप सिर्फ वही फोटो देखता है जो आप चुनते हैं, बाकी गैलरी नहीं।

अपना काम करने के लिए ऐप फोन में कुछ और चीज़ें भी रखता है:

  • आपकी चुनी हुई भाषा,
  • डाउनलोड किए हुए डिज़ाइन,
  • अपने छोटे नोट, जैसे ऐप कितनी बार खोला गया और पिछला विज्ञापन कब दिखा।

ऐप आपके फोन से कहता है कि वह इनमें से कुछ भी बैकअप में न रखे और नए फोन में कॉपी न करे। इसलिए नए फोन में आपको अपनी फोटो और नाम दोबारा देने पड़ सकते हैं।

फोन से बाहर क्या जाता है, और किसे मिलता है

ऐप इंटरनेट से चलता है। वह यह सब भेजता है।

नए डिज़ाइन पूछना

जब आप ऐप खोलते हैं, तो वह हमारे सर्वर से पूछता है कि नए डिज़ाइन आए हैं या नहीं। आए हों तो उन्हें डाउनलोड कर लेता है।

सर्वर को आपके फोन का इंटरनेट पता (IP address), फोन का मॉडल, और उसका Android वर्शन और बिल्ड नंबर मिलता है, जैसे हर वेबसाइट को मिलता है। ऐप कोई नाम नहीं भेजता, और ऐसा कोई नंबर नहीं भेजता जिससे आपकी या आपके फोन की पहचान हो।

किसे मिलता है: Cloudflare को। यह कंपनी हमारे लिए यह सर्वर चलाती है। हम इससे यह पता नहीं लगाते कि आप कौन हैं।

यह देखना कि इंटरनेट चल रहा है

जब भी आप ऐप पर आते हैं, वह Google के एक पते से पूछता है कि इंटरनेट चल रहा है या नहीं। अगर वहां से जवाब नहीं आता, तो वह Google के दूसरे पते से पूछता है। जब तक "इंटरनेट नहीं चल रहा" वाली स्क्रीन दिखती है, वह दोबारा पूछता रहता है।

Google को भी वही चीज़ें मिलती हैं: इंटरनेट पता, फोन का मॉडल, और उसका Android वर्शन और बिल्ड नंबर। और कुछ नहीं।

किसे मिलता है: Google को।

विज्ञापन

रुतबा फ्री है और इसमें विज्ञापन दिखते हैं। विज्ञापन AdMob से आते हैं, जो Google की विज्ञापन सेवा है। Google का विज्ञापन सॉफ्टवेयर ऐप के अंदर है। वह अपने आप ये चीज़ें जमा करता है और Google को भेजता है:

  • आपके फोन का इंटरनेट पता (IP address)। Google कहता है कि वह इससे फोन की मोटी-मोटी जगह का अंदाज़ा लगा सकता है।
  • फोन की advertising ID। यह एक नंबर है जो Android आपके फोन को विज्ञापनों के लिए देता है। साथ में app set ID और, Google के शब्दों में, other identifiers related to signed-in accounts on the device, यानी फोन में साइन-इन खातों से जुड़ी दूसरी पहचान।
  • आप ऐप में और उसके विज्ञापनों के साथ क्या करते हैं। Google के उदाहरण हैं: ऐप खोलना, टैप करना और वीडियो विज्ञापन देखना।
  • ऐप कैसा चल रहा है। Google के उदाहरण हैं: ऐप खुलने में कितना समय लगता है, वह कितनी बार अटकता है और कितनी बैटरी लेता है।

Google कहता है कि वह इन्हें विज्ञापन, एनालिटिक्स और धोखाधड़ी रोकने के लिए इस्तेमाल करता है। इसलिए Google इनसे यह चुन सकता है कि आपको कौन से विज्ञापन दिखें। यह सब सुरक्षित (एन्क्रिप्टेड) कनेक्शन से भेजा जाता है।

ऐप आपका नाम या आपकी फोटो विज्ञापन सॉफ्टवेयर को कभी नहीं देता।

किसे मिलता है: Google को। Google इसे अपनी प्राइवेसी पॉलिसी के हिसाब से संभालता है।

ऐप के इस्तेमाल की गिनती

ऐप को बेहतर बनाने के लिए हम गिनते हैं कि वह कैसे इस्तेमाल होता है। यह काम हम Google Analytics for Firebase से करते हैं, जो Google की गिनती करने वाली सेवा है। हम यह गिनते हैं:

  • ऐप कब खोला गया, कौन सी स्क्रीन देखी गई, और कितनी देर,
  • कौन से डिज़ाइन, किस तरह के डिज़ाइन और खास दिन के कौन से पेज खोले, सेव और शेयर किए गए, किस ऐप पर शेयर किए गए, और सेव या शेयर कब नहीं हो पाया,
  • यह कि फोटो वाला कदम और नाम वाला कदम पूरा हुआ, फोटो लगी है या नहीं, और नाम लिखकर दिया गया या बोलकर। फोटो नहीं, और नाम भी नहीं,
  • स्पीकर, माइक, भाषा वाले बटन और प्राइवेसी पॉलिसी वाले बटन का दबाया जाना,
  • ऐप किस भाषा में है, और भाषा कब बदली गई,
  • कितने विज्ञापन मांगे गए, दिखे, नहीं दिख पाए, दबाए गए या बंद किए गए, उन्हें आने में कितना समय लगा, और एक विज्ञापन से हमें कितने पैसे मिले,
  • नए डिज़ाइन कब आए, और "इंटरनेट नहीं चल रहा" वाली स्क्रीन कब दिखी,
  • आपने ऐप कितनी बार खोला, कितनी बार सेव और शेयर किया, मोटे तौर पर, जैसे "2 से 4 बार", और आपके फोन में अक्षरों का और स्क्रीन का साइज़।

Google का गिनती करने वाला सॉफ्टवेयर ऐप के अंदर है। वह अपने आप ये भी नोट करता है: समय, फोन की कंपनी और मॉडल, उसका Android वर्शन, स्क्रीन का साइज़, फोन की अपनी भाषा, ऐप का वर्शन, ऐप पहली बार कब खोला गया, कब अपडेट हुआ और कब हटाया गया, और अगर Google Play को पता हो, तो यह कि आप किस लिंक या विज्ञापन से ऐप तक पहुंचे।

आपका शहर और राज्य। Google आपके फोन के इंटरनेट पते (IP address) से आपका देश, राज्य और शहर निकालता है। Google कहता है कि वह यह पता खुद नहीं रखता। ऐप आपके फोन का GPS नहीं पढ़ता, इसलिए यह जगह मोटे तौर पर ही पता चलती है।

यह सब एक रैंडम नंबर के साथ रखा जाता है, जिसे Google का सॉफ्टवेयर आपके फोन में बनाता है। यह रैंडम नंबर आपका मोबाइल नंबर नहीं है और advertising ID भी नहीं है। यह आपके नाम से जुड़ा नहीं है। अगर आप ऐप हटाकर दोबारा इंस्टॉल करते हैं, तो नया नंबर बनता है।

आपका नाम, साथी का नाम, आपकी फोटो, और जो कुछ आप लिखते या बोलते हैं, वह इस गिनती में कभी नहीं होता।

यह गिनती Google के पास जाती है और Google के सर्वर पर रखी जाती है। ये सर्वर दूसरे देशों में भी हो सकते हैं, यानी यह गिनती भारत से बाहर जा सकती है।

हम इस गिनती का इस्तेमाल ऐप को बेहतर बनाने और यह देखने के लिए करते हैं कि विज्ञापन कैसे चल रहे हैं। हम इसे बेचते नहीं। हमने गिनती को ऐसे सेट किया है कि वह advertising ID न पढ़े, और Google से कहा है कि वह इस गिनती से आपके लिए विज्ञापन न चुने। Google का विज्ञापन सॉफ्टवेयर भी इसी ऐप में है, और वह भी इस गिनती में जोड़ता है कि विज्ञापन कब मांगा गया, दिखा या दबाया गया।

किसे मिलता है: Google को। वह यह गिनती हमारे लिए रखता है, इस सेवा के अपने नियमों के हिसाब से।

माइक और स्पीकर

अगर आप माइक दबाकर नाम बोलते हैं, तो आपकी आवाज़ आपके फोन की अपनी बोली पहचानने वाली सेवा के पास जाती है। बहुत से Android फोन में यह Google की होती है। वह आपकी आवाज़ को शब्दों में बदलती है और शब्द ऐप को देती है। रुतबा आपकी आवाज़ रिकॉर्ड नहीं करता और उसे रखता भी नहीं।

स्पीकर का बटन ऐप की मदद वाली लाइनें आपके फोन की अपनी आवाज़ में बोलकर सुनाता है। वह आपका नाम कभी नहीं बोलता।

किसे मिलता है: आपके फोन की बोली पहचानने वाली सेवा को, और सिर्फ तब जब आप माइक दबाते हैं।

सेव और शेयर

जब आप कोई डिज़ाइन सेव करते हैं, तो फोटो आपके फोन की गैलरी में Rutba नाम के फोल्डर में जाती है। आपके फोन के जिन दूसरे ऐप को आपकी फोटो देखने की अनुमति है, जैसे कोई बैकअप ऐप, वे इसे वहां देख सकते हैं।

जब आप कोई डिज़ाइन शेयर करते हैं, तो फोटो उस ऐप के पास जाती है जिसे आप चुनते हैं, जैसे WhatsApp। उस फोटो पर आपका नाम और आपकी फोटो होती है, क्योंकि आपने वही डिज़ाइन बनाया है। इसके बाद उसका क्या होता है, यह उस ऐप पर और उन लोगों पर है जिन्हें आप भेजते हैं।

किसे मिलता है: जिस ऐप को आप चुनते हैं, और जिन लोगों को आप भेजते हैं।

इसे कैसे रोकें

आपके हिसाब से चुने गए विज्ञापन

अपने फोन की Settings खोलें, फिर Privacy, फिर Ads। वहां आप advertising ID मिटा सकते हैं या बदल सकते हैं। कुछ पुराने फोन में उसी जगह "Opt out of Ads Personalization" नाम का स्विच होता है। हर फोन में ये नाम थोड़े अलग हो सकते हैं।

रुतबा में विज्ञापन फिर भी दिखेंगे।

गिनती

ऐप में इसका कोई स्विच नहीं है। ऐप हटाने से यह रुक जाती है।

माइक

माइक न दबाएं। नाम लिखकर डालें।

सब कुछ

ऐप हटा दें। फिर वह कुछ नहीं भेजता। आपका नाम, आपकी फोटो और ऐप की रखी हुई बाकी सब चीज़ें फोन से मिट जाती हैं।

जो फोटो आपने गैलरी में सेव की हैं, वे तब तक रहती हैं जब तक आप उन्हें खुद नहीं मिटाते।

चीज़ें कब तक रखी जाती हैं, और कैसे मिटाएं

आपके फोन में

आपका नाम और फोटो तब तक रहते हैं जब तक आप इन्हें ऐप में बदलते नहीं, फोन की Settings में ऐप का डेटा साफ़ नहीं करते, या ऐप हटाते नहीं।

फोटो शेयर करने के लिए ऐप पहले अपने पास उसकी एक कॉपी बनाता है। एक दिन से पुरानी कॉपी वह अगली बार इस्तेमाल होने पर मिटा देता है।

हमारे पास

हमारे पास आपका कोई खाता नहीं है, और आपके नाम या फोटो की कोई कॉपी नहीं है। इसलिए हमारे पास आपका ऐसा कुछ नहीं है जिसे मिटाना पड़े।

गिनती

जिस गिनती के साथ रैंडम नंबर होता है, उसे Google ज़्यादा से ज़्यादा 14 महीने रखता है। उससे बने जोड़, जिनमें कोई नंबर नहीं होता, ज़्यादा समय तक रखे जाते हैं। ऐप आपको वह नंबर नहीं दिखाता। इसलिए आज हम किसी एक व्यक्ति की गिनती अलग निकालकर न दिखा सकते हैं, न मिटा सकते हैं।

Google के पास

Google का विज्ञापन सॉफ्टवेयर जो जमा करता है, उसे Google अपनी प्राइवेसी पॉलिसी के हिसाब से रखता है।

इसे सुरक्षित कैसे रखा जाता है

  • ऐप जो कुछ भी भेजता है, वह सुरक्षित (एन्क्रिप्टेड) कनेक्शन (HTTPS) से जाता है।
  • आपका नाम और फोटो फोन में ऐप की अपनी निजी जगह में रखे जाते हैं। दूसरे ऐप इसे नहीं पढ़ सकते।
  • हमारे पास आपका नाम, आपकी फोटो, आपका मोबाइल नंबर या ईमेल नहीं है। जो हमारे पास है ही नहीं, वह हमसे लीक नहीं हो सकता।

उम्र

ऐप आपकी उम्र नहीं पूछता और उसे आपकी उम्र पता नहीं होती। वह हर इस्तेमाल करने वाले के लिए एक जैसा काम करता है।

यह वेबसाइट

rutba.app पर न लॉगिन है, न कोई फॉर्म। यह कोई कुकी नहीं रखती।

यह Cloudflare Web Analytics से गिनती है कि कितने लोग आए। Cloudflare की एक छोटी स्क्रिप्ट Cloudflare को बताती है कि कौन सा पेज खोला गया, वह कितनी जल्दी खुला और आप किस साइट से आए। Cloudflare देश, डिवाइस का प्रकार, ब्राउज़र और उसका सिस्टम भी नोट करता है। Cloudflare कहता है कि इसमें कुकी इस्तेमाल नहीं होती, आपके ब्राउज़र में कुछ नहीं रखा जाता, और किसी एक व्यक्ति का एक साइट से दूसरी साइट तक पीछा नहीं किया जाता।

हर वेबसाइट की तरह, जो सर्वर आपको यह पेज भेजता है, उसे आपका इंटरनेट पता और आपके ब्राउज़र का नाम मिलता है। वह सर्वर भी Cloudflare का है।

रुतबा किसने बनाया, और हमसे कैसे बात करें

रुतबा को Atelyo ने बनाया है।

इस पॉलिसी या अपनी जानकारी के बारे में कोई सवाल हो, तो हमें लिखें:

[email protected]

अगर यह पॉलिसी बदलती है

अगर ऐप जो भेजता है उसमें कुछ बदलता है, तो हम यह पेज और नीचे की तारीख बदलेंगे।

पिछली बार बदली गई: ।

This policy in English

This whole page is also in English.

Read this page in English

← रुतबा का पहला पेज ↑ ऊपर जाएं